धागों से बुनी प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर, पद्मश्री से सम्मानित बीरेन बसाक की अद्भुत कला
कोलकाता, 15 सितंबर (हि.स.)। कैनवास नहीं, रंग और ब्रश भी नहीं। सिल्क की जामदानी बुनाई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा उकेरा गया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर नदिया के फुलिया में यह अनोखा जामदानी वॉल हैंगिंग तैयार किया गया है।
पद्मश्री से सम्मानित बुनकर कलाकार बीरेन कुमार बसाक की परिकल्पना पर उनकी टीम के बुनकर विवेक विश्वास ने यह लाइन-आर्ट पोर्ट्रेट तैयार किया है। इस कलाकृति को बनाने में करीब 10 दिनों का समय लगा।
खास बात यह है कि यह कोई पेंटिंग नहीं है। कोरा सिल्क के ऊपर कॉटन के धागे से बूटी उठाकर पूरी तस्वीर को जामदानी बुनाई की पारंपरिक तकनीक से तैयार किया गया है। बीरेन कुमार बसाक के बेटे अभिनव बसाक ने बताया कि यह काम उनकी टीम के माध्यम से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बंगाल के बुनकरों की ओर से इसे उपहार के रूप में तैयार किया गया है।
हालांकि जामदानी में इस तरह की लाइन-आर्ट पहली बार नहीं बनाई गई है। वर्ष 2016-17 के आसपास जामदानी में नए प्रयोग की सोच के तहत उनकी टीम ने सबसे पहले रवींद्रनाथ ठाकुर का चित्र तैयार किया था। इसके बाद स्वामी विवेकानंद सहित कई महापुरुषों के चित्र और विभिन्न तरह की लाइन-आर्ट जामदानी की बुनाई में उकेरी गई।
इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब जामदानी की बुनाई में प्रधानमंत्री मोदी का चित्र तैयार किया गया है। अभिनव बसाक के अनुसार, इस काम के जरिए उनके पिता बीरेन कुमार बसाक बंगाल की हथकरघा कला की उत्कृष्टता को एक बार फिर सामने लाना चाहते हैं।
यह विशेष वॉल हैंगिंग बिक्री के लिए तैयार नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर बंगाल के बुनकरों की ओर से इसे उपहार के रूप में प्रधानमंत्री तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। कुरियर के माध्यम से इसे प्रधानमंत्री के आवास तक भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
बीरेन कुमार बसाक द्वारा तैयार की गई जामदानी पहले भी प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंच चुकी है।
वर्ष 2021 में पद्म पुरस्कार प्राप्त लोगों के साथ मुलाकात के दौरान बीरेन बसाक ने प्रधानमंत्री को जामदानी उपहार में दी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीरेन कुमार बसाक की प्रशंसा करते हुए कहा था कि नदिया के इस विशिष्ट बुनकर कलाकार ने अपनी साड़ियों में भारतीय इतिहास और संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को खूबसूरती से उकेरा है। प्रधानमंत्री ने बीरेन बसाक द्वारा दिए गए उपहार को बेहद सहेजकर रखने की बात भी कही थी।
अब उसी बीरेन बसाक की पहल पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन के लिए उनकी प्रतिकृति तैयार की गई है। धागे पर धागा जोड़कर नरेंद्र मोदी का चेहरा जामदानी में उकेरा गया है। फुलिया के हथकरघा घर से तैयार यह विशेष कलाकृति अब प्रधानमंत्री के आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
