मप्र का इंदौर बनेगा देश का नया टेक्सटाइल और गारमेंट हब
- पीएम मित्र पार्क, नए गारमेंट निवेश और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से क्षेत्र में बन रहा है एकीकृत टेक्सटाइल इकोसिस्टम
इंदौर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश का इंदौर संभाग देश का नया टेक्सटाइल और गारमेंट हब बनने की दिशा में अग्रसर है। यहां धार में प्रदेश का महत्वाकांक्षी पीएम मित्र पार्क का तेजी से विकसित हो रहा है। लगभग 2,156 एकड़ में विकसित किए जा रहे देश के सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क में उद्योग स्थापना के लिए आवश्यक अधोसंरचना निर्धारित समय-सीमा के अनुसार तैयार की जा रही है।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 2,063 करोड़ रुपये की पीएम मित्र पार्क परियोजना के लिए अब तक 20,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनसे 46,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। प्रथम एवं द्वितीय चरण में 1,100 एकड़ से अधिक भूमि उद्योगों को आवंटित की जा चुकी है तथा तीसरे चरण के भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना के विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पार्क के लिए विद्युत वितरण (Discom) लाइसेंस प्राप्त हो चुका है, जिससे उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इसके साथ ही बाह्य विद्युत अधोसंरचना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पार्क में आंतरिक सड़कों, जलापूर्ति, ड्रेनेज एवं अन्य सिविल अधोसंरचना के निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रहे हैं। उद्योगों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है, ताकि निवेशक शीघ्र उत्पादन प्रारंभ कर सकें।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार पीए मित्र पार्क में सीईटीपी, एसटीपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, परीक्षण प्रयोगशालाएं, इन्क्यूबेशन सेंटर, प्लग एंड प्ले शेड्स सहित सभी आवश्यक विश्वस्तरीय औद्योगिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पार्क राष्ट्रीय राजमार्ग एवं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से चार लेन सड़क द्वारा जुड़ चुका है, जबकि रेल संपर्क के लिए व्यवहार्यता अध्ययन प्रगति पर है। हाल ही में ताइवान के उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने भी यहां निवेश संभावनाओं का आकलन किया।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है। आधुनिक अधोसंरचना और निवेशकों की बढ़ती रुचि के साथ पीएम मित्रा पार्क मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी टेक्सटाइल विनिर्माण एवं निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार पीएम मित्र पार्क तथा इंदौर के आसपास विकसित हो रही नई गारमेंट विनिर्माण इकाइयां मिलकर पूरे क्षेत्र को देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं अपैरल हब के रूप में स्थापित कर रही हैं। पीएम मित्रा पार्क में स्थापित होने वाली इकाइयों के साथ-साथ ओएफबी टेक, नोइज, जील तथा अरविंद समूह की गारमेंट इकाइयां एक सशक्त टेक्सटाइल इकोसिस्टम का निर्माण कर रही हैं। इन इकाइयों में तैयार होने वाले परिधानों की आपूर्ति सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों की सप्लाई चेन से जुड़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। इससे इंदौर-धार क्षेत्र वैश्विक टेक्सटाइल एवं गारमेंट विनिर्माण तथा निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
