Newzfatafatlogo

नकली सोने की गुल्ली बेचकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

 | 
नकली सोने की गुल्ली बेचकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार


नकली सोने की गुल्ली बेचकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार


- 16 नकली गुल्ली और 1.37 लाख रुपये बरामद, जिगना पुलिस की कार्रवाई

मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिगना थाना पुलिस ने खुदाई में निकला असली सोना बताकर नकली सोने की गुल्ली बेचने वाले तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 नकली सोने की गुल्ली और 1 लाख 37 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने जिगना थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने खुदाई में निकला सोना बताकर उन्हें नकली सोने की गुल्ली बेच दी। तहरीर के आधार पर थाना जिगना में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जिगना के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में रामरक्षा बिंद उर्फ छोटू, विद्यासागर बिंद और प्रशांत कुमार विश्वकर्मा, सभी निवासी बघेड़ा खुर्द परौतीपुर, थाना जिगना शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ठगी में प्रयुक्त 16 नकली सोने की गुल्ली तथा 1.37 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि आरोपित भोले-भाले लोगों को खुदाई में मिला असली सोना बताकर नकली गुल्ली बेचते थे। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा