Newzfatafatlogo

कमल पर बटन दबाकर मोदी को करें मजबूत : डॉ मोहन यादव

 | 
कमल पर बटन दबाकर मोदी को करें मजबूत : डॉ मोहन यादव
कमल पर बटन दबाकर मोदी को करें मजबूत : डॉ मोहन यादव


कमल पर बटन दबाकर मोदी को करें मजबूत : डॉ मोहन यादव


कमल पर बटन दबाकर मोदी को करें मजबूत : डॉ मोहन यादव


हजारीबाग सीट पर एक-एक वोट का हिसाब सूद समेत वापस करूंगा: मनीष जायसवाल

हजारीबाग, 16 मई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गुरुवार को झारखंड की हजारीबाग लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार मनीष जायसवाल के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने लोगों से मतदान वाले दिन कमल का बटन दबाकर यहां से मनीष जायसवाल को जिताने और नरेन्द्र मोदी को मजबूत करने की अपील की।

हजारीबाग जिले के बरही में स्थित पंचमाधव आश्रम फुटबॉल मैदान में आयोजित इस जनसभा में डा. यादव ने कहा कि हजारीबाग भगवान बिरसा मुंडा की धरती है। यहां सारे बंधन तोड़कर आने की इच्छा होती है। उन्होंने मौजूदा झारखंड सरकार की तुलना हेलीकॉप्टर से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह हेलीकॉप्टर जब ऊंचाई पर उड़ता है तो सबको अच्छा लगता है लेकिन जब वो नीचे उतरता है तो काफी धूल-मिट्टी और गंदगी उड़ती है, जिससे आंखे बंद हो जाती हैं। आप सबने जिनको वोट देकर अपने सूबे का मुख्यमंत्री बनाया, सरकार में मंत्री बनाया वो हेलीकॉप्टर में सुंदर लग रहे थे लेकिन वो आपकी आंखों में धूल झोंक रहे थे। वो आपकी आंखों के सामने आपका माल लूटकर ले जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने बड़े अरमानों से अपना एक-एक वोट देकर जिसकी सरकार बनाई, आज उसके मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सलाखों के पीछे हैं। जब राज्य का मुखिया और उसके मंत्री इतने भ्रष्ट होंगे तो राज्य का विकास कैसे संभव है। झारखंड राज्य खनिज सम्पदाओं से भरा पड़ा है लेकिन राज्य के सिंहासन पर बैठे भ्रष्ट लोग राज्य को लूटने में लगे हैं। राज्य में पिछड़ापन आज भी बरकरार है।

डा. यादव ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी आज नहीं है लेकिन राज्य के अलग होने में उनकी महती भूमिका रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नारे को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारा दिया था कि ना खाऊंगा और ना खाने दूंगा। आज इसी का नतीजा है कि राज्य के मुखिया और मंत्री जेल में बंद है। 2019 में कुछ दलों ने गठबंधन कर सरकार बनाई लेकिन उनका सरकार बनाने का मकसद राज्य की खनिज सम्पदाओं को लूटना था। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश धर्म के मार्ग पर चल रहा है। अयोध्या में जब रामलला को स्थापित किया गया, तब कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। उस याचिका में कांग्रेस ने कहा कि उसे पता नहीं कि भगवान श्रीराम का जन्म कहां हुआ था। अब ऐसे लोगों को अपना वोट देने का क्या औचित्य है।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए मप्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की पांच पीढ़ी ने दिल्ली में जन्म लिया लेकिन आज तक दिल्ली से चुनाव लड़ने की हिमाकत नहीं किये परन्तु 56 इंच सीना वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के बाद जब लोकसभा चुनाव लड़ने की बात आई तो उन्होंने काशी विश्वनाथ को चुना और उप्र से चुनाव लड़कर समाजवादी पार्टी को परास्त करने का काम किया। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह वायनाड से चुनाव हारने की सूचना मिलते ही दूसरे लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की आजादी से पहले अंग्रेजों ने लूटा और अब जहां-जहां कांग्रेस समर्थित सरकार है, वहां लूटने का काम चल रहा है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद खीरु महतो ने हजारीबाग लोकसभा प्रत्याशी मनीष जायसवाल के समर्थन में वोट की अपील की। महतो ने कांग्रेस प्रत्याशी जेपी पटेल पर दल बदल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी मनीष जायसवाल को जीत दिलाकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करें। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वे हजारीबाग लोकसभा सीट से प्रत्याशी मनीष जायसवाल को जिताने का संकल्प लें।

लोकसभा की हजारीबाग सीट से उम्मीदवार मनीष जायसवाल ने कहा कि 2019 में जनता ने 300 सीट पार किया, जिसके बाद केंद्र सरकार ने अमेरिका को झुकाया। पाकिस्तान को भिखारी बनाया, चीन की बोलती बंद की और विपक्ष को सत्ता से दूर करने का काम किया। भारत राम राज्य की ओर जा रहा है और आतंकियों का सपना टूट रहा है। 75 करोड़ हिन्दू जाग चुका है। राममंदिर और कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर भारतीय जनता पार्टी ने अभूतपूर्व कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नारों को जनजन तक पहुंचाने के लिए 400 सीट पार करने की जरूरत है।

मनीष जायसवाल ने मंच से लोगों को विश्वास दिलाया कि यूनिफॉर्म सिविल कोड और जनसंख्या नियंत्रण कानून पर भी भाजपा काम कर रही है। आप लोगों के एक एक वोट का हिसाब आपके माटी का पुत्र होने के नाते सूद समेत वापस करूंगा।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/दधिबल