Newzfatafatlogo

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर सरसंघचालक सहित वरिष्ठ राजनेताओं ने जताया दुख

 | 
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर सरसंघचालक सहित वरिष्ठ राजनेताओं ने जताया दुख
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर सरसंघचालक सहित वरिष्ठ राजनेताओं ने जताया दुख


पटना (बिहार), 14 मई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राष्ट्रीय और राज्य स्तर के सभी वरीय नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

बताया गया है कि दिवंगत सुशील मोदी का पार्थिव शरीर आज अपराह्न चार बजे बिहार विधान परिषद में लाया जायेगा। बिहार भाजपा के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शाम पांच बजे पटना आयेंगे।

सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री और सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन से अत्यंत दुःख हुआ। इस समय हम सबकी भावना उनके परिवार तथा असंख्य मित्र-प्रशंसकों के साथ है। संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रहे सुशील मोदी सारे देश विशेषतः बिहार की चिंता करते थे। उनके निधन से एक जागृत सामाजिक कार्यकर्ता और कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया है। सुशील मोदी सार्वजनिक जीवन में सैद्धांतिक निष्ठा और पारदर्शिता के आदर्श उदाहरण थे। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी का निधन दुःखद है। वे जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उप मुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैंने एक सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनके परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी जेसी जॉर्ज से टेलीफोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानी विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू और समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। सुशील कुमार मोदी के निधन पर बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी गहरा दुख व्यक्त किया।

भाजपा के वरीय नेता विनोद तावड़े में कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। सुशील मोदी के निधन से मन बहुत द्रवित है। वो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में मेरे वरिष्ठ सहयोगी एवं मार्गदर्शक थे। लंबे वक्त तक उनके साथ जनसेवा के कार्य करने का मौका मिला। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। दुख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों के साथ हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/चंद्र प्रकाश