दिल्ली में इमारत ढहने से बचाव कार्य जारी, कई लोग लापता
दिल्ली के सीमापुरी में इमारत ढहने की घटना
दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई है। अब तक आठ व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय निवासी, पुलिस और दमकलकर्मी जुटे हुए हैं।
एक अधिकारी के अनुसार, बुधवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी में इमारत का अगला हिस्सा गिरने से कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर साढ़े तीन बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
यह दिल्ली में एक महीने में इमारत ढहने की दूसरी घटना है। पिछले महीने 6 सितंबर को सत्य निकेतन में एक हॉस्टल की इमारत गिर गई थी, जिसमें सात छात्रों की जान गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
https://twitter.com/PTI_News/status/2107792613772583369
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार रात को आए भूकंप के बाद इमारत में दरारें आ गई थीं। कुछ लोगों का कहना है कि चार से पांच व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला गया है और उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है। अन्य कई लोग फंसे होने की आशंका है। पुलिस और दमकलकर्मी राहत कार्य में लगे हुए हैं।
सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें इमारत का गिरा हुआ हिस्सा दिखाई दे रहा है। मलबे को हटाने के लिए लोगों की भीड़ जुटी हुई है। एक बिजली का खंभा भी गिर गया है। एक निवासी ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। यह पांच मंजिला इमारत थी। भूकंप के बाद लोग धीरे-धीरे बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक इमारत ढह गई।
