अंबाला में 1857 शहीदी स्मारक का उद्घाटन, आजादी की पहली लड़ाई का इतिहास जीवंत
आजादी की पहली लड़ाई का स्मारक आम जनता के लिए खुला
अंबाला (चन्द्र शेखर धरणी): 1857 की आजादी की पहली लड़ाई के शहीदों की याद में अंबाला में निर्मित भव्य 1857 शहीदी स्मारक अब आम जनता के लिए खोला गया है। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-यज्ञ के साथ इस स्मारक का विधिवत उद्घाटन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इस ऐतिहासिक स्मारक का लोकार्पण किया था, जिसके बाद अब आम नागरिकों के लिए इसके द्वार खोल दिए गए हैं।
इस अवसर पर अनिल विज ने कहा कि यह स्मारक केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि उन वीर शहीदों के प्रति राष्ट्र की श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह अंबाला और पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। स्मारक के माध्यम से आजादी के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को नई पहचान मिलेगी, जिसे पहले उचित महत्व नहीं मिला था।
विज ने कहा कि 1857 की क्रांति भारत की आजादी की पहली लड़ाई थी, जो कांग्रेस पार्टी के गठन से 28 वर्ष पहले लड़ी गई थी। उस समय देश के विभिन्न हिस्सों में अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह की लहर उठी थी, जिसमें हजारों वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। दुर्भाग्यवश, इस ऐतिहासिक संग्राम और इसमें शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने बताया कि अंबाला में निर्मित यह शहीदी स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित देश का पहला स्मारक है। इसका उद्देश्य केवल अतीत की घटनाओं को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उस संघर्ष और बलिदान की भावना को जीवित रखना है, जिसने देश की आजादी की नींव रखी।
22 गैलरियों में स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास प्रदर्शित
अनिल विज ने कहा कि स्मारक में 22 भव्य गैलरियां बनाई गई हैं, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं, युद्धों, क्रांतिकारियों के संघर्ष और उनके बलिदान को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। यहां आने वाले लोग उस समय की परिस्थितियों और आजादी के लिए लड़ी गई लड़ाई को नजदीक से समझ सकेंगे।
नई पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से जोड़ेगा स्मारक
विज ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और उनके बलिदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है। केवल पुस्तकों में पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को उन घटनाओं का अनुभव भी होना चाहिए, जिनमें हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि इस स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से इतिहास को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम को समझने का नया अनुभव मिलेगा। यहां आने वाले लोग उन वीरों के साहस और त्याग से प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगे।
अंबाला के इतिहास को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि 1857 शहीदी स्मारक अंबाला की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत बनेगा। आम जनता के लिए इसके खुलने से अब नागरिक और विद्यार्थी यहां आकर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्याय को जान सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह स्मारक हमें याद दिलाता रहेगा कि देश की आजादी किसी एक व्यक्ति या संगठन का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसके पीछे हजारों वीरों का त्याग और बलिदान जुड़ा हुआ है। अंबाला की धरती पर निर्मित यह स्मारक उन सभी वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
