अंबाला में बोरवेल में फंसे 4 साल के बच्चे का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पंजाब की टीम ने संभाला रेस्क्यू कार्य
अंबाला में 15 घंटे से बोरवेल में फंसे 4 साल के बच्चे, निरवैर उर्फ निर्भय को सुरक्षित निकालने के लिए कई प्रयास विफल हो चुके हैं। अब इस कार्य की जिम्मेदारी पंजाब की एक स्थानीय टीम को सौंपी गई है, जबकि एनडीआरएफ और सेना की टीम को कुछ समय के लिए पीछे हटा दिया गया है।
पहले के प्रयासों में असफलता
एनडीआरएफ और सेना ने पहले बच्चे को निकालने के लिए एल्युमिनियम पाइप का उपयोग किया, लेकिन यह प्रयास भी सफल नहीं हो सका। अंधेरे को देखते हुए बोरवेल के आसपास लाइटें लगाई गई हैं। बोरवेल में फंसे बच्चे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसकी लाल रंग की टी-शर्ट पानी में दिखाई दे रही है।
खेत में दादा का खाना देने गया था
धन्यौड़ा गांव का निरवैर अपने पिता के साथ सुबह खेत में दादा का खाना देने गया था। खेलते समय उसका पैर 220 फीट गहरे और 9 इंच चौड़े बोरवेल में फिसल गया। तब से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ठऊफऋ और सेना की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
15 से अधिक प्रयास हो चुके हैं असफल
पिछले महीने ट्यूबवेल खराब होने के कारण इस बोर से मोटर निकालकर पास में नया बोर किया गया था। खेत के मालिक ने पुराना बोर खुला छोड़ दिया था, जिससे यह दुर्घटना हुई। बोरवेल में लगभग 60 फीट की गहराई से पानी आ रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि निरवैर कितनी गहराई पर फंसा है। अब तक 15 से अधिक प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है।
