अक्षरा सिंह ने जन्मदिन पर जरूरतमंद बच्चों के साथ बिताया खास समय
अक्षरा सिंह का अनोखा जन्मदिन
पटना: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपना जन्मदिन गरीब बच्चों के साथ मनाया। पटना में बच्चों के साथ समय बिताने के बाद, उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास था। अक्षरा ने भोजपुरी शो 'भोजपुरी बवाल', खेसारी लाल यादव, तेज प्रताप यादव और अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' के बारे में भी चर्चा की।
अक्षरा ने कहा, 'मैं एक शो के लिए दिल्ली जा रही हूं, लेकिन पटना में मनाया गया मेरा जन्मदिन मुझे लंबे समय तक याद रहेगा। इस खास दिन पर मैंने विभिन्न एनजीओ से जुड़े बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की। इन बच्चों से मिलकर मुझे असली जिंदगी को करीब से समझने का मौका मिला। मैंने उनसे सीखा कि कैसे छोटी-छोटी खुशियों का जश्न मनाया जाता है।'
जब अक्षरा से 'भोजपुरी बवाल' के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह अभी इस शो को नहीं देख पा रही हैं। उन्होंने शो के कलाकारों की सराहना करते हुए कहा, 'सभी लोग अच्छे शो में जा रहे हैं और अपने नाम को बड़ा कर रहे हैं, जो बहुत अच्छी बात है। फिलहाल, मेरा ध्यान अपने काम पर है।'
तेज प्रताप यादव के अभिनय में कदम रखने पर भी अक्षरा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'मेरे एक करीबी दोस्त ने मुझे तेज प्रताप का वीडियो भेजा था। वीडियो में वह काफी 'क्यूट' लगे। मेरी मां (नीलिमा सिंह) ने भी मुझे बताया कि वह शो में सबसे अच्छे इंसान हैं। उनकी एक अलग छवि बन रही है और वह बहुत दयालु हैं।'
अक्षरा ने अपने आगामी प्रोजेक्ट के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि वह हिंदी फिल्म 'ईठा' का हिस्सा हैं, जिसमें श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है।'
अक्षरा ने आगे कहा, 'मैं बिहार का नाम और बड़ा करने के लिए मेहनत कर रही हूं और भगवान की कृपा से मेरे पास लगातार काम है। इस फिल्म के माध्यम से मेरा काम भोजपुरी इंडस्ट्री से आगे हिंदी सिनेमा के बड़े स्तर तक पहुंचेगा।'
