Newzfatafatlogo

अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत, सुरक्षा के बीच पहला जत्था रवाना

अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ। पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के साथ ही भक्तों में उत्साह का माहौल है। इस साल यात्रा में अधिक संख्या में तीर्थयात्री शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा बलों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। भक्त बर्फ के शिवलिंग के दर्शन के लिए यात्रा करते हैं, जो भगवान शिव का प्रतीक है। यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी।
 | 

अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ

दिल्‍ली: जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह अमरनाथ यात्रा 2026 का आगाज हुआ। जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


इस अवसर पर बीजेपी सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा भारत की प्रमुख तीर्थ यात्राओं में से एक है और इसके सफल संपन्न होने की उम्मीद जताई। उन्होंने भक्तों में उत्साह देखा और यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना की।



जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने भी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर श्राइन बोर्ड द्वारा किए गए इंतजाम यात्रा को आरामदायक बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल तीर्थयात्रा में अधिक लोग शामिल हो सकते हैं, जो पिछले रिकॉर्ड को तोड़ सकती है।






उन्होंने कहा, 'मैं पहले बैच को हरी झंडी दिखाने पर बधाई देता हूं और इस यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं। जम्मू-कश्मीर श्राइन बोर्ड की दी गई सुविधाएं यात्रा को और आरामदायक बनाएंगी। पिछले सालों की तुलना में इस बार काफी ज़्यादा भीड़ हो सकती है, और यह रिकॉर्ड तोड़ देगी।'




इस यात्रा में कश्मीर घाटी में बालटाल और पहलगाम दोनों बेस कैंप पर भक्तों की बड़ी भीड़ 'बम- बम भोले' के नारे लगाती हुई देखी गई। झंडी दिखाने से कुछ घंटे पहले, सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन के जवानों ने के9 यूनिट के साथ मिलकर तीर्थयात्रा की तैयारी और सुरक्षा पक्का करने के लिए उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को सैनिटाइज किया।




इससे पहले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दीं, एंटी-टेरर मॉक ड्रिल की और यात्रा रूट पर मल्टी-लेयर सुरक्षा ग्रिड तैनात किया। श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मिलकर पठान चौक बेस कैंप में नए बने यात्री निवास, श्री प्रेम गर्ग भवन में मंगलवार को एंटी-टेरर मॉक ड्रिल की। दक्षिण कश्मीर के हिमालय में लगभग 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की सालाना तीर्थयात्रा देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है।




भक्त कुदरती तौर पर बने बर्फ के शिवलिंग के दर्शन करने के लिए यह यात्रा करते हैं, जो भगवान शिव का प्रतीक है। इस साल 57 दिन की तीर्थयात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर के नुनवान-पहलगाम रास्ते और गंदेरबल जिले में छोटे लेकिन ज़्यादा चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर के बालटाल रास्ते से एक साथ शुरू होगी। यात्रा 28 अगस्त को रक्षा बंधन के त्योहार के साथ खत्म होगी।