अमरनाथ यात्रा: बिना रजिस्ट्रेशन यात्रा टालने की सलाह
बिना रजिस्ट्रेशन यात्रा पर रोक
Amarnath Yatra, पहलगाम/बालटाल: अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का एक बड़ा समूह रविवार तड़के जम्मू से निकला। भगवती नगर आधार शिविर से 6,700 से अधिक तीर्थयात्री कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुए, जिसमें 1,310 महिलाएं और 22 बच्चे शामिल हैं।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बिना रजिस्ट्रेशन के अमरनाथ पहुंचने वाले यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा कुछ दिनों के लिए स्थगित करें। प्रशासन के अनुसार, 9 जुलाई तक सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट भर चुके हैं। यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी।
तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि
तीन दिन में 13,000 से अधिक यात्री बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना
अधिकारियों ने बताया कि रविवार से केवल रजिस्टर्ड यात्रियों को कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। बिना रजिस्ट्रेशन वाले यात्रियों को चेक पोस्ट पर रोका जाएगा और उन्हें 9 जुलाई के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति मिलेगी। जम्मू डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने कहा कि तीन दिन में 13,000 से अधिक रजिस्टर्ड यात्री बालटाल-पहलगाम रूट से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बेस कैंप से रवाना हो चुके हैं।
