अमरोहा में तीन बहनों ने अपने कैमरामैन से की शादी, मामला बना विवाद का केंद्र
अमरोहा में अनोखी शादी का मामला
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया और स्थानीय समुदाय में हलचल मचा दी है। यहां तीन सगी और चचेरी बहनों ने अपने कैमरामैन के साथ मंदिर में शादी कर ली है। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके चलते कुछ स्थानीय व्यापारियों और हिंदू संगठनों ने इसे 'सनातन परंपराओं के खिलाफ' बताते हुए विरोध जताया है। विवाद बढ़ने पर अमरोहा पुलिस ने चारों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शादी का वीडियो और बहनों का बयान
यह घटना अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान 23 वर्षीय विकास उर्फ विक्कू के रूप में हुई है, जो इन बहनों का कैमरामैन है। तीनों बहनें, देविका (18 वर्ष), छवि (19 वर्ष) और उनकी चचेरी बहन अलका (20 वर्ष), ढोरिया और मेहरपुर गांव की निवासी हैं। ये सभी सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स हैं और इनकी एक अच्छी फैन फॉलोइंग है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 15 जुलाई को एक मंदिर में शूट किया गया था। युवतियों ने स्थानीय पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हम सभी बालिग हैं और हमने अपनी मर्जी से शादी की है। हम एक साथ खुश हैं।”
आज दौर जहां शादी शब्द से मर्दों को डर रहा है तो वहीं
अमरोहा में 3 रीलबाज सगी बहिनों ने अपने कैमरामैन से शादी कर ली है। सोचिए इतनी मंहगाई के दौर मे एक संभाला मुश्किल है, यहां तो तीन है!! #Amroha #shaadi #wedding #sisters pic.twitter.com/5M7OS3xRQP— Arun (आज़ाद) Chahal (@ArunAzadchahal) July 23, 2026
विकास का किरदार और परिवार का दबाव
हसनपुर थाने में पूछताछ के दौरान इस समूह ने पुलिस को बताया कि विकास पिछले छह महीने से उनके वीडियो में 'पति' का किरदार निभा रहा था। इस दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जब युवतियों के परिवारों ने उनके लिए अलग-अलग रिश्ते ढूंढने की कोशिश की, तो उन्होंने विकास से शादी करने का निर्णय लिया।
पुलिस जांच और मंदिर प्रबंधन का बयान
हसनपुर थाने के वरिष्ठ उप-निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि चारों से उनकी उम्र साबित करने वाले दस्तावेज मांगे गए हैं और उनसे पूरे घटनाक्रम पर लिखित बयान लिया गया है। क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष से औपचारिक शिकायत नहीं आई है। पुलिस सभी के बालिग होने के दस्तावेजों की जांच कर रही है। दूसरी ओर, जिस चामुंडा मंदिर में शादी का दावा किया गया है, उसके प्रबंधक ने कहा कि उस दिन मंदिर में कोई पुजारी मौजूद नहीं था और वे इस घटना की जांच कर रहे हैं।
