Newzfatafatlogo

अमेरिकी सैनिकों की मानसिक स्वास्थ्य चिंताएँ: USS अब्राहम लिंकन पर आत्महत्या की आठ कोशिशें

अमेरिकी सांसदों ने USS अब्राहम लिंकन पर तैनात सैनिकों की आत्महत्या की आठ कोशिशों की पुष्टि की है। यह जानकारी एक पत्र के माध्यम से सामने आई है, जिसमें तैनाती के दौरान मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और खराब परिस्थितियों का उल्लेख किया गया है। जानें इस मामले में और क्या जानकारी मिली है और अमेरिकी प्रशासन ने क्या प्रतिक्रिया दी है।
 | 

USS अब्राहम लिंकन पर आत्महत्या की कोशिशों का खुलासा

वॉशिंगटन: एक अमेरिकी सांसद के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने मिडिल ईस्ट में एयरक्राफ्ट कैरियर की लंबी तैनाती के दौरान अमेरिकी सैनिकों द्वारा आत्महत्या की आठ कोशिशों की पुष्टि की है। यह जानकारी एक पत्र के माध्यम से सामने आई है।


न्यूज एजेंसी के अनुसार, कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ ने डेमोक्रेटिक सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड के सवालों के जवाब में यह पत्र भेजा। गिलिब्रैंड ने यूएसएस अब्राहम लिंकन पर तैनात सैनिकों की स्थिति और वहां के हालात के बारे में जानकारी मांगी थी।


पिछले साल नवंबर में समुद्र में पहली बार तैनाती के बाद से, यूएसएस अब्राहम लिंकन पर खराब परिस्थितियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की खबरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


नेवी सचिव, जो अमेरिकी नौसेना के सबसे बड़े सिविलियन अधिकारी होते हैं, ने पत्र में बताया कि लिंकन की तैनाती के बाद से उसके स्ट्राइक ग्रुप में आत्महत्या की कुल आठ कोशिशें हुई हैं। हालांकि, पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि इस तैनाती के दौरान जहाज पर आत्महत्या का कोई मामला नहीं आया।


पत्र में आत्महत्या की कोशिशों से जुड़े कुछ मामलों का उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया है कि एयर विंग में तैनात एक नाविक अगस्त की शुरुआत में जहाज से समुद्र में गिर गया था। उसे तुरंत एक सर्च एंड रेस्क्यू हेलिकॉप्टर की मदद से बचाया गया और आगे के इलाज के लिए जहाज से बाहर ले जाया गया।


एक अन्य नाविक ने मार्च में जहाज से बाहर कूदने की कोशिश की थी, लेकिन उसके साथियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसे होमपोर्ट वापस भेज दिया गया।


यूएसएस अब्राहम लिंकन नवंबर 2025 में साउथ चाइना सी में ड्यूटी के लिए कैलिफोर्निया से रवाना हुआ था। हालांकि, फरवरी 2026 के अंत में ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले शुरू होने से पहले ही उसका मार्ग बदलकर उसे मिडिल ईस्ट भेज दिया गया।


अगस्त में अमेरिकी सैनिकों के परिवारों और सांसदों ने एयरक्राफ्ट कैरियर पर आत्महत्या की कोशिशों, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याओं, खाने की कमी और साफ-सफाई की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।


उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन दावों को खारिज कर दिया था। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी एयरक्राफ्ट कैरियर पर परिस्थितियों को गलत तरीके से पेश किए जाने की बात कही थी।