अयोध्या में 30 लाख दीयों से सजने वाला 10वां दीपोत्सव, नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा
अयोध्या का भव्य दीपोत्सव
अयोध्या: मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन भूमि अयोध्या आज अपने 10वें दीपोत्सव के अवसर पर एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारी कर रही है। राम की पैड़ी और सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीयों को सजाया गया है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के लगभग 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिनों की मेहनत और अनुशासन के साथ इस विशाल दीप सज्जा का कार्य पूरा किया है। आज शाम, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में इन दीयों को एक साथ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। यह पहला मौका है जब देश के उपराष्ट्रपति इस दीपोत्सव के साक्षी बनेंगे।
प्रभु राम का आगमन और त्रेतायुग का पुनः सृजन
पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे प्रभु राम
अवधपुरी आज त्रेतायुग के उस पावन क्षण को जीवंत करने जा रही है, जब प्रभु श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण के साथ 14 वर्षों का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे थे। दोपहर में विशेष हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, माता सीता और लक्ष्मण का आगमन होगा। राज्यपाल और मुख्यमंत्री संतों तथा मंत्रियों के साथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद भरत मिलाप का मार्मिक प्रसंग साकार होगा और शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंचेगी। महर्षि वशिष्ठ द्वारा किए गए पहले राजतिलक की परंपरा के अनुसार उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे।
राम जन्मभूमि परिसर में दीपों की रोशनी
राम जन्मभूमि परिसर में जलेंगे एक लाख दीप
भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद राम जन्मभूमि परिसर में दीपोत्सव का उल्लास चरम पर है। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार, पूरे परिसर को पांच सेक्टरों में बांटकर 1500 मंदिर कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यहां एक लाख दीप जलाए जाएंगे, जो दीपावली के दिन भी रोशन रहेंगे। मुख्य राम मंदिर और सभी 18 उप-मंदिरों को दीयों से सजाया गया है। राम मंदिर को विशेष फसाड लाइटों से सजाया गया है और इस अवसर पर रामलला को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
धर्मपथ पर डिजिटल स्तंभ और ड्रोन्स का शो
‘नव भारत की नई अयोध्या’ थीम पर आधारित इस दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मुख्य धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभ स्थापित किए गए हैं, जिन पर रामायण कालीन प्रसंगों का डिजिटल प्रकाश शो चल रहा है। इसके अलावा, 17 सांस्कृतिक मंचों पर देश-विदेश के कलाकार प्रस्तुतियां दे रहे हैं। शाम को सरयू तट पर 2147 श्रद्धालु एक साथ महाआरती करेंगे। राम की पैड़ी पर भव्य लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और 2100 ड्रोन्स का अद्भुत शो मुख्य आकर्षण होगा।
विदेशी पर्यटकों की भीड़ और वीवीआईपी मेहमानों की सुविधा
अयोध्या में विदेशी सैलानियों की आमद
सरयू के घाटों पर दीयों और रंगोलियों से बनाई गई रामायण की आकृतियों को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक अयोध्या पहुंचे हैं। पूरे शहर में रामधुन गूंज रही है। दीपोत्सव में शामिल होने वाले वीवीआईपी मेहमानों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक 80 गोल्फकार्ट, 10 ट्रैवलर और 20 लग्जरी एसी बसें तैनात की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर तैनात स्वयंसेवकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
