अयोध्या मेडिकल कॉलेज में पूर्व प्रिंसिपल पर भ्रष्टाचार के आरोप, उच्च स्तरीय जांच शुरू
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार की जांच
लखनऊ। राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविधालय एवं संबद्ध चिकित्सालय अयोध्या के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्राथमिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। डिप्टी सीएम (DCM) ब्रजेश पाठक के कड़े निर्देश के बाद इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय (हाई-लेवल) जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार पर अयोध्या में तैनाती के दौरान घोर भ्रष्टाचार और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। जांच में सामने आया है कि अवकाश पर रहने के दौरान, जब उन्होंने अपना प्रभार (चार्ज) किसी अन्य अधिकारी को सौंपा हुआ था, तब भी उन्होंने GeM पोर्टल पर टेंडर पास किए और करोड़ों रुपये के चेकों पर सिग्नेचर किए।
पूर्व कार्यवाहक प्रिंसिपल ने खोले राज
इन गंभीर वित्तीय गड़बड़ियों का खुलासा मेडिकल कॉलेज के पूर्व कार्यवाहक प्रिंसिपल के तरफ से लगाए गए आरोपों और शिकायतों के बाद हुआ, जो शुरुआती जांच में सही साबित हुए हैं।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा करेंगी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी कमान महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा (DGME) एवं तेजतर्रार आईएएस अधिकारी नेहा शर्मा को सौंपी गई है। शासन स्तर से निर्देश दिए गए हैं कि निष्पक्ष और गहन जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपी जाए, ताकि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कदम उठाए जा सकें।
2023 में संभाला था कार्यभार
बता दें कि डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने पूर्व कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा से ही 21 सितंबर 2023 को चार्ज लिया था। इसी साल चार जनवरी से 19 जनवरी 2023 के बीच अवकाश पर जाने का डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने चार्ज डॉ. सत्यजीत को न देकर डॉ. पारस खरबंदा को सौंपा था। शिकायती पत्र में शासन से शिकायत की गई है कि डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार द्वारा छुट्टी पर होते हुए भी सात व 10 जनवरी को करीब 84 लाख का जैम कांट्रैक्ट जारी किया। आरोप है कि आठ से 10 जनवरी बीच ही 17 चेकों के जरिए एक करोड़ 28 लाख 90 हजार 990 रुपये के भुगतान भी करा दिए गए।
पत्र में लिखा ही कि 2.12 करोड़ से अधिक के सरकारी धन का व्यय किया गया। पत्र में डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार द्वारा वित्तीय अनियमितता करने की बात कही गई है। बता दें कि डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार को 16 जनवरी 2023को पद से हटाने का आदेश दिया गया था। ऐसे में अवकाश पर रहने के दौरान भुगतान व जैम अनुबंध किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
