असम में सीआरपीएफ अधिकारी द्वारा साथी जवानों की हत्या और आत्महत्या की घटना
असम में सीआरपीएफ अधिकारी की चौंकाने वाली घटना
दिसपुर। असम के नागांव जिले में एक सीआरपीएफ अधिकारी ने अपने दो सहयोगियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक अन्य जवान को भी घायल किया और फिर आत्महत्या कर ली। यह घटना नागांव के कटिमारी में स्थित 34 बटालियन कैंप में हुई।
नागांव की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस, परिमिता सरकार ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात ASI/GD 'बल्लानी प्रेमाबारम' ने अपने साथियों पर गोली चलाई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बाद अधिकारी ने खुद को भी गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में दो जवान, HV/GD 'विष्णु प्रसाद बघेल' और SI/GD 'रामनवल सिंह यादव', की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य जवान 'गोविंद श्रीपुल' घायल हो गया। गोविंद को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच के आदेश दिए।
