आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य पर लगाए आरोपों से पलटा
आशुतोष ब्रह्मचारी का नया बयान
नई दिल्ली। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अब अपने बयान से पलटते हुए कहा है कि उन्होंने शंकराचार्य के खिलाफ झूठा मुकदमा दायर किया था। यह मुकदमा उन्होंने रामचंद्र दास के कहने पर किया था। उन्होंने इस मामले में कई अधिकारियों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है। यह कबूलनामा उन्होंने एक वीडियो के माध्यम से साझा किया है।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने वीडियो में कहा कि उनके गुरुभाई रामचंद्र दास ने गुरु की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने अविमुक्तेश्वरानंद पर झूठा मुकदमा दायर करने की योजना बनाई थी। शंकराचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दबाव भी रामचंद्र ने उन पर डाला था।
फर्जी वसीयत के आधार पर मुकदमा दर्ज
आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि रामचंद्र दास ने उन्हें गुमराह कर अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में उन्होंने मथुरा के एसएसपी को एक शिकायत पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि रामचंद्र ने फर्जी वसीयत बनाकर केस दर्ज कराया और देवा बाबा के आश्रम पर कब्जा कर लिया। वसीयत बनाने वाले के खिलाफ यह शिकायत अब कोर्ट में भी जाएगी।
सच्चाई की लड़ाई जारी रहेगी
आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि यदि पुलिस ने उनके दबाव में आकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। वह सच की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। पहले उन्होंने अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ लड़ा, लेकिन अब वह यह साबित करेंगे कि किस तरह से रामचंद्र दास ने उन्हें बर्बाद किया और उत्पीड़न किया।
