इंडोनेशिया में मिठाई कारखाने में आग से 24 लोगों की मौत, 35 लापता
भीषण आग की घटना
इंडोनेशिया के एक मिठाई निर्माण संयंत्र में लगी भीषण आग के कारण कम से कम 24 व्यक्तियों की जान चली गई है, जबकि 35 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को दी।
स्थानीय समाचार रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार को आग से पूरी तरह नष्ट हुए कारखाने से खोज एवं बचाव दल ने अब तक 24 शवों को निकाला है। इन शवों को रविवार को सेरांग शहर के भायंगकारा पुलिस अस्पताल में भेजा गया।
शुरुआत में शाम चार बजे सात शव अस्पताल लाए गए, इसके बाद शाम पांच बजे 16 और शव वहां पहुंचे। कई कर्मचारी अब भी लापता हैं, जिनकी संख्या 36 से 43 के बीच बताई जा रही है। मलबे से और शव मिलने के साथ लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो रहा है।
राष्ट्रीय पुलिस के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य केंद्र के तहत आपदा पीड़ित पहचान विभाग की प्रमुख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाह्यू हिदायती द्वि पालुपी ने कहा कि सभी पीड़ितों की पहचान के लिए उन्हें भायंगकारा पुलिस अस्पताल लाया गया है।
उन्होंने बताया कि भयावह आग के कारण शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है, इसलिए पहचान प्रक्रिया में वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया जा रहा है, जिसमें डीएनए, अंगुलियों के निशान और अन्य पहचान के तरीके शामिल हैं।
श्रम मामलों पर राष्ट्रपति के सलाहकार सैद इकबाल ने कहा कि कारखाने में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच की जा रही है और वह कारखाने के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को तलब करेंगे।
आग शनिवार शाम बेंटेन प्रांत के चिकांडे में स्थित पीटी फोनुसा अगुंग मुलिया मिठाई कारखाने की एक इमारत में लगी थी, जो जकार्ता से लगभग एक घंटे की दूरी पर है। प्रारंभिक रिपोर्टों में आग लगने का कारण एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
