Newzfatafatlogo

इजराइल के पीएम ने भारतीय पायलट को बताया नायक, स्वतंत्रता दिवस पर आमंत्रित किया

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार को फोन पर बात करते हुए उन्हें नायक बताया। मच्छार ने फ्लाईदुबई के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश को नाकाम किया। नेतन्याहू ने उन्हें और पीएम मोदी को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस पर मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
 | 

दुबई में पायलट की बहादुरी की सराहना


दुबई। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की। उन्होंने फ्लाईदुबई के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कथित साजिश को नाकाम करने के लिए मच्छार को इजराइल, भारत और पूरी दुनिया का ‘नायक’ बताया। नेतन्याहू ने उन्हें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया।


बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में सह-पायलट द्वारा किए गए हमले में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह विमान दुबई से तेल अवीव की ओर जा रहा था।


नेतन्याहू ने संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में उपचार करा रहे 38 वर्षीय पायलट से उनकी तबियत के बारे में जानकारी ली। इस बातचीत का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।


नेतन्याहू ने कहा, ‘यह हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है, जो हम अपने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदान करते हैं। आमतौर पर यह केवल इजराइल के नागरिकों के लिए होता है, लेकिन इस मामले में इजराइल का हर नागरिक आपका सम्मान करेगा। हम उम्मीद करते हैं कि आप जल्द ही इजराइल आएंगे।’


इजराइल का स्वतंत्रता दिवस, जिसे ‘योम हाअत्जमाउत’ कहा जाता है, हिब्रू कैलेंडर के इयार महीने की पांचवीं तारीख को मनाया जाता है, जो अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में आता है।


इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘आप इजराइल, भारत और पूरी दुनिया के नायक हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं आपको इजराइल के स्वतंत्रता दिवस पर मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित करता हूं।’