इराक में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान: सांसदों के घरों से नकदी और सोना बरामद
महिला सांसद पर छापेमारी का मामला
डिजिटल डेस्क। इराक में चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत एक महिला सांसद के बारे में आई खबरों ने सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दिया है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के अनुसार, सांसद हिंद अल-अब्बासी के निवास पर छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि इराक सरकार द्वारा नहीं की गई है।
रिपोर्टों में कहा गया है कि हिंद अल-अब्बासी के ठिकानों से लगभग 57 मिलियन अमेरिकी डॉलर, जो कि लगभग 490 करोड़ रुपये के बराबर है, और करीब 27 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। सोशल मीडिया पर नकदी के बंडलों, सोने की ईंटों और कथित तौर पर सोने से बनी ब्रा-पेंटी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
इसके अलावा, यह भी बताया गया है कि भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई केवल एक सांसद तक सीमित नहीं रही। सांसद आलिया नासिफ के घर से भी लगभग 20 अरब इराकी दीनार नकद और बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया गया। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि आलिया नासिफ और उनके बेटे को हिरासत में लिया गया है। वायरल हो रही गोल्ड ब्रा-पेंटी को आलिया नासिफ से भी जोड़ा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इराक सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है और प्रधानमंत्री ने इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आतंकवाद निरोधी इकाइयों ने बगदाद के ग्रीन जोन सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया है। हालांकि, इन सभी दावों और वायरल तस्वीरों के संबंध में इराक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं आई है।
