इसरो ने जीएसएलवी-एफ 17 से सफलतापूर्वक लॉन्च किया सबसे भारी सैटेलाइट
इसरो प्रमुख का बयान
श्रीहरिकोटा: जीएसएलवी-एफ 17 द्वारा ईओएस-05 को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित करने के बाद, इसरो के प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने मीडिया से बातचीत की।
डॉ. नारायणन ने कहा, "यह मिशन अत्यंत महत्वपूर्ण है और हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि जीएसएलवी मार्क 2 से सबसे भारी सैटेलाइट का पहली बार प्रक्षेपण किया गया है। जब हमने शुरुआत की थी, तब जीएसएलवी मार्क 2 की क्षमता 1,536 किलोग्राम थी। अब हमने इसकी क्षमता में लगभग 40 प्रतिशत का सुधार किया है, और यह इस वाहन द्वारा लॉन्च किया गया सबसे भारी सैटेलाइट है।"
स्पेस सेक्टर में सुधार की आवश्यकता
स्पेस सेक्टर के निजीकरण पर उठ रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए, डॉ. नारायणन ने कहा, "हमारी स्पेस इकॉनमी और इकोसिस्टम का विकास आवश्यक है, क्योंकि इसरो अकेले देश की सभी आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर सकता। वर्तमान में हमारे पास 56 सैटेलाइट हैं, लेकिन हमें सैकड़ों की आवश्यकता है। इसलिए, सरकार ने स्पेस सेक्टर में सुधारों की घोषणा की है, और इसरो इन प्रयासों में सहयोग कर रहा है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे देश में स्पेस इकोसिस्टम का विकास हो।"
कुलशेखरपटनम प्रोजेक्ट की प्रगति
कुलशेखरपटनम प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए, डॉ. नारायणन ने कहा, "यहां काम बहुत अच्छे से चल रहा है। आप सभी को आमंत्रित करते हैं कि आप वहां आकर इसे सीधे देखें। काम निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ रहा है, और हमें उम्मीद है कि मार्च तक यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। गगनयान का कार्य भी अच्छी प्रगति पर है, और इस वर्ष पहला बिना क्रू वाला मिशन भेजने का लक्ष्य है।"
जीएसएलवी-एफ 17 का महत्व
ज्ञात हो कि जीएसएलवी-एफ 17 भारत के जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (जीएसएलवी) का 19वां मिशन है। जीएसएलवी-एफ के पेलोड फेयरिंग का कॉन्फ़िगरेशन 4 मीटर व्यास वाला ओजाइव (कम्पोजिट) वर्जन है। जीएसएलवी-एफ 17 ने ईओएस-05 सैटेलाइट को सब-जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित किया है।
