ईरान में हालात सामान्य, भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी
ईरान में स्थिति में सुधार
ईरान में हालात सामान्य होते ही भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी
West Asia Crisis Update (तेहरान) : अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को शुरू हुआ संघर्ष अब समाप्त हो चुका है। दोनों देश अब शांति वार्ता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच, ईरान में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है।
इन सामान्य होते हालात के बीच, भारतीय दूतावास ने ईरान के विभिन्न शहरों में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें भारतीयों से अनुरोध किया गया है कि वे दूतावास के साथ अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं। दूतावास ने नागरिकों को उच्च स्तर की सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में दी गई सलाह
एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने, स्थानीय समाचारों पर ध्यान देने और सुरक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की सलाह दी गई है। भारतीय दूतावास ने कहा कि रजिस्ट्रेशन से जरूरत पड़ने पर नागरिकों तक जल्दी पहुंचने और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने में मदद मिलेगी।
होर्मुज में जहाजों की आवाजाही में वृद्धि
होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। शिपिंग डेटा कंपनी मरीनट्रैफिक के अनुसार, 12-14 जून के बीच केवल 32 जहाज इस मार्ग से गुजरे थे, जबकि 19-21 जून के दौरान यह संख्या बढ़कर 93 हो गई। कंपनी ने बताया कि अमेरिका-ईरान के बीच हालिया कूटनीतिक प्रगति और ईरानी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों में अस्थायी ढील ने शिपिंग कंपनियों का विश्वास बढ़ाया है। इससे होर्मुज के रास्ते माल और तेल ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही में तेजी आई है।
