उत्तर प्रदेश में विवाहिता ने परिवार को नशा देकर प्रेमी के साथ भागी
अमरोहा में चौंकाने वाला मामला
हसनपुर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां एक विवाहिता ने अपने परिवार को मटन में नशीली दवा मिलाकर बेहोश कर दिया और अपने विवाहित प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिवार के सभी सदस्य रातभर नशे में बेहोश रहे। यह घटना तब उजागर हुई जब भतीजा सुबह मजदूरी से लौटकर चाचा को जगाने आया और पुलिस को सूचित किया।
परिवार का इलाज जारी
पुलिस ने बेहोश परिवार के सभी सदस्यों को हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। चार साल पहले एक किसान ने अपनी बेटी की शादी सैदनगली थाना क्षेत्र के एक युवक से की थी। हैरानी की बात यह है कि विवाहिता ने दो साल की बेटी होने के बावजूद एक विवाहित युवक के साथ प्रेम संबंध बना लिया और फरार हो गई।
पिछले दो महीने से मायके में रह रही थी
सूत्रों के अनुसार, विवाहिता पिछले दो महीनों से अपने मायके में रह रही थी और डेढ़ महीने पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। बाद में गांव वालों ने पंचायत करके उन्हें पकड़कर घर भेज दिया था।
नशीली दवा का मामला
सोमवार को परिवार ने बकरे की बलि देकर पूजा की और रात को मटन पकाया। इसी मटन में विवाहिता ने नशीली गोली मिला दी। खाने के बाद परिवार के छह सदस्य बेहोश हो गए। मंगलवार सुबह प्रेमिका के भाई का बेटा जब घर लौटा, तो उसने देखा कि पूरा परिवार बेहोश पड़ा है। उसने तुरंत अपने चाचा को जगाया और पुलिस को सूचित किया। बताया जा रहा है कि प्रेमिका के घर के पास ही प्रेमी के रिश्तेदार का घर है, जहां वह अक्सर जाती थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे थे।
खाने के सैंपल लिए गए
स्थानीय थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों का इलाज जारी है और खाने के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। मामले की गहन जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
