उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में दवा माफियाओं का बढ़ता प्रभाव
स्वास्थ्य विभाग में माफियाओं का वर्चस्व
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में दवा माफियाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि पूरा स्वास्थ्य विभाग इन माफियाओं के इशारों पर चल रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) के तबादलों में इनका प्रभाव और भी बढ़ गया है। प्रदेश के कई जिलों में नए सीएमओ की नियुक्ति होनी है, और इस प्रक्रिया में दो प्रमुख दवा माफिया पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं, जो अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, हरदोई, इटावा, बहराइच, गाजीपुर, रायबरेली, औरैया, देवरिया, गोरखपुर, ललितपुर और भदोही में नए मुख्य चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए दवा माफिया अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ बनाने के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। इसके अलावा, इनकी नियुक्ति के लिए दवा माफिया मोटी रकम देने को भी तैयार हैं।
हमारे पास उन डॉक्टरों की सूची है जिन्हें दवा माफियाओं द्वारा सीएमओ बनाने की योजना बनाई जा रही है। इस सूची में डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी, डॉ. दिव्या वर्मा, डॉ. आनंद प्रकाश वर्मा, डॉ. आत्मा प्रकाश तिवारी, डॉ. रामानंदसिद्धार्थ, डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. कामता प्रसाद तिवारी, डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, डॉ. अजय प्रताप शुक्ला, डॉ. सुकेश गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार सिंह और डॉ. ऋषि सहाय शामिल हैं। ये सभी डॉक्टर दवा माफियाओं के करीबी माने जाते हैं और जल्द ही नए जिलों में सीएमओ के रूप में तैनात किए जाएंगे। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या सीएमओ की नियुक्ति वास्तव में दवा माफियाओं के इशारों पर होगी? हम जल्द ही इन दवा माफियाओं के नाम उजागर करेंगे, जिनके प्रभाव में सीएमओ के तबादले हो रहे हैं।
करीबियों को सीएमओ बनाने में खर्च होती है बड़ी रकम
सूत्रों के अनुसार, दवा माफिया अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ की कुर्सी पर बैठाने के लिए बड़ी रकम खर्च करते हैं। जब उनके करीबी सीएमओ बन जाते हैं, तो वे अपने जिलों में दवा माफिया के लिए मनमाने तरीके से काम करते हैं। यह भी महत्वपूर्ण है कि अधिकांश दवा माफिया एक-दूसरे से जुड़े होते हैं और करीबी सीएमओ बनने के बाद एक-दूसरे की फर्मों को लाभ पहुंचाने का खेल खेलते हैं।
स्वास्थ्य विभाग दवा माफियाओं के आगे क्यों झुकता है?
स्वास्थ्य विभाग में दवा माफियाओं का प्रभाव काफी अधिक है। बिना दवा माफियाओं की मंजूरी के कोई भी ट्रांसफर या पोस्टिंग नहीं हो सकती। हाल में हुए सभी सीएमओ के ट्रांसफर में इनका दबदबा स्पष्ट रूप से देखा गया था। हमने पहले भी दवा माफियाओं और स्वास्थ्य विभाग के बीच के गठजोड़ को उजागर किया है।
