Newzfatafatlogo

उत्तराखंड में पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के जन्मदिन से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की घोषणा की है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसमें 11 प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को 'विकसित भारत 2047' के संकल्प से जोड़ना है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी के माध्यम से योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जानें इस अभियान के प्रमुख कार्यक्रम और उनके उद्देश्यों के बारे में।
 | 

मुख्यमंत्री ने की सेवा संकल्प अभियान की घोषणा

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर 2026 तक, सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखकर नागरिकों को 'विकसित भारत 2047' के संकल्प से जोड़ना है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही, राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को भी आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए बदलावों और लाभार्थियों की कहानियों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी योजनाओं के केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध/पुल, अमृत सरोवर, जन औषधि केंद्र जैसे स्थलों पर भी सामूहिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहेगी।


उन्होंने आगे कहा कि 'मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा' के अंतर्गत प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में 'विकसित भारत' के संकल्प और 25 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित चित्र विद्यालयों में प्रदर्शित किए जाएंगे और अभिभावकों तथा नागरिकों को भी इन प्रदर्शनों से जोड़ा जाएगा।


मुख्यमंत्री ने बताया कि 'नमो सेवा–अनकही कहानियां' के माध्यम से देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का विद्यालयों में मंचन किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित जानकारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभिभावकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने की व्यवस्था भी की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा की कहानियों के माध्यम से राष्ट्रीय और राज्य की योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को उजागर किया जाएगा। भाषण, चित्रकला और कहानियों के माध्यम से इन बदलावों को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' के तहत किसी प्रमुख चौराहे पर 'विकसित भारत 2047' से संबंधित कलश की स्थापना की जाएगी। कलश यात्रा के साथ साइकिल और बाइक यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा: मेरा योगदान' कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य और अन्य समाजोपयोगी सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को अभियान में सक्रिय भागीदार बनाना है। 'सेवा सेतु अभियान' के अंतर्गत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर और बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' कार्यक्रम में रंगोली के माध्यम से विकसित भारत 2047 की दृष्टि को प्रदर्शित किया जाएगा। 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार के विभागों को जोड़कर उनसे वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्या-विवरणियां प्राप्त की जाएंगी। IITs, IIMs और विशेषज्ञों को ज्यूरी/मेंटर के रूप में शामिल किया जाएगा और चयनित नवाचारों को संरक्षण, मार्गदर्शन और परीक्षण की सुविधा दी जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन सेवा संवाद के तहत सेवा और सुशासन के विषय पर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यापक संवाद किया जाएगा। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित फोटो, वीडियो, लाभार्थियों के अनुभव और सकारात्मक बदलाव की कहानियों को मीडिया के माध्यम से भी व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सेवा, संवाद, नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से 'विकसित भारत 2047' के संकल्प का सक्रिय सहभागी बनाना है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड राज्य से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री की मन भूमि – देवभूमि उत्तराखंड है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को हर जिले में विस्तृत रूप से मनाया जाएगा, जिसमें हर जिले के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिसे जन समर्थन से आगे बढ़ाया जाएगा।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, श्री राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।