उत्तराखंड में श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री धामी का बड़ा कदम, 4400 लाभार्थियों को मिले 11 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री का श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योगदान
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिकों के खातों में लगभग 11 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम में, धामी ने विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में वन क्लिक के माध्यम से यह राशि वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग ₹11 करोड़ की सहायता राशि हस्तांतरित की।
#Uttarakhand #LabourWelfare pic.twitter.com/mQKE91L5OG
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) June 20, 2026
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने और जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण हेतु विशेष शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने की बात कही कि केवल पात्र श्रमिकों को ही योजना का लाभ मिले। इस अवसर पर बताया गया कि पिछले एक वर्ष में बोर्ड ने 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की है।
इस कार्यक्रम में कैलाश पंत (राज्य सलाहकार, संविदा बोर्ड), गीता रावत (अध्यक्ष, सतर्कता समिति), मोहिनी पोखरिया (उपाध्यक्ष, राज्य सतर्कता समिति), अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, और वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।
