उत्तराखंड में हरेला पर्व का उत्सव, सीएम धामी ने किया पौधारोपण
हरेला पर्व का उत्सव
उत्तराखंड: आज हरेला का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी जागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद, उन्होंने हरेला के मौके पर पौधारोपण भी किया। इसके साथ ही, सीएम धामी ने अल्मोड़ा में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व धरती मां के प्रति आभार व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पार करते हुए अब तक 10 लाख 80 हजार से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार में पौधारोपण किया। उनके साथ गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, डीएम मयूर दीक्षित, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, साधु संतों और समाजसेवियों ने भी पौधे लगाए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत श्री जागेश्वर धाम का समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ इस प्राचीन तीर्थ की दिव्यता, भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा भी निरंतर सुदृढ़ हो रही है। साथ ही, यहां स्थापित किए… pic.twitter.com/NZqZC2sFiD
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 16, 2026
हरिद्वार वन विभाग के अंतर्गत मियांवाकी वन विकसित किया गया है, जहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग अपने और अपने परिजनों के नाम पौधे लगाते हैं, जिनकी देखरेख वन विभाग के कर्मचारी करते हैं। इस वर्ष भी लोक पर्व पर नगर वन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मंत्री सतपाल महाराज, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, और अन्य ने 200 पौधे लगाए। नीम, बरगद, पीपल, और रुद्राक्ष जैसे पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड का सबसे बड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने बताया कि सरकार ने सभी विभागों को पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम जनता की भी है।
हरेला पर्व के अवसर पर हरिद्वार में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया। रोशनाबाद स्थित परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने बेटे के साथ फलदार और छायादार पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उधर, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने भी हरेला पर्व पर जनपदभर में पौधारोपण किया।
