एबीवीपी ने 400 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
सफलता का असली मापदंड: दूसरों की मदद करना
* जीवन में सफलता का पैमाना यह हो कि आप कितने लोगों के काम आए : प्रांत प्रचारक नरेंद्र
* एबीवीपी युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव विकसित करने का मंच : खन्ना
होशियारपुर/नीतू शर्मा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने डीएवी कॉलेज के श्री हेमराज कपूर मेमोरियल सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिले के लगभग 40 शिक्षण संस्थानों के करीब 400 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न कोचिंग संस्थानों के छात्रों को सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना और मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजाब प्रांत प्रचारक नरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और डीएवी प्रबंधन के अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार भी मौजूद थे।
मुख्यातिथि नरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के एक राष्ट्र, एक जीवन के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि असली सफलता इस बात में है कि हम कितने लोगों के काम आए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छी नौकरी पाना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा करना भी होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और क्षमताओं का उपयोग समाज के हित में करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अविनाश राय खन्ना ने एबीवीपी के तीन वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह केवल एक छात्र संगठन नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव विकसित करने का एक मंच है। तीक्ष्ण सूद ने भी अपने विद्यार्थी जीवन में एबीवीपी में कार्य करने का अनुभव साझा किया और कहा कि परिषद ने हमेशा राष्ट्रहित, सेवा, छात्र नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा दिया है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, प्रबुद्ध नागरिक, विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
