एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
जयपुर में हाईजैक अलर्ट से हड़कंप
जयपुर: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान में हाईजैक का अलर्ट मिलने से विमानन सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट संख्या AI-2030 को तुरंत जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान से आपातकालीन सिग्नल प्राप्त हुआ, जिसके बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट पर आ गए।
पायलट ने जारी किया आपातकालीन कोड
उड़ान के दौरान, पायलट ने कुछ समय के लिए अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कोड 'स्क्वाक-7500' का उपयोग किया। यह कोड विमान पर अवैध कब्जे या हाईजैक की आशंका की सूचना देने के लिए होता है। अलर्ट मिलने के बाद, सुबह लगभग 9:45 बजे विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते ने विमान और यात्रियों की गहन जांच शुरू की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पायलट ने यह कोड किसी वास्तविक खतरे के कारण भेजा था या यह तकनीकी समस्या थी।
पिछले हफ्ते भी हुआ था हाईजैक अलर्ट
हाल ही में, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भी इसी तरह का हाईजैक अलर्ट सुनने में आया था। उस समय बोइंग 737 मैक्स ने आपातकालीन कोड 7700 और फिर कुछ समय के लिए स्क्वाक-7500 जारी किया था, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। जांच में यह सामने आया था कि को-पायलट ने मुख्य पायलट पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसे अन्य क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने सफलतापूर्वक रोक दिया।
