एसबीआई कार्ड ने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए कॉलिंग सिस्टम में किया बड़ा बदलाव
साइबर ठगों से सुरक्षा के लिए नया कदम
चंडीगढ़, 19 जून, 2026। एसबीआई कार्ड ने अपने कॉलिंग सिस्टम में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं ताकि करोड़ों ग्राहकों को साइबर ठगों के जाल से सुरक्षित रखा जा सके। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के सख्त दिशा-निर्देशों के बाद, बैंक ने सभी आवश्यक पूछताछ या समाधान के लिए आने वाले फोन नंबरों को पूरी तरह से बदल दिया है।
बैंक ने धोखाधड़ी के खतरे को कम करने के लिए स्पष्ट किया है कि अब सभी आधिकारिक या सेवा से संबंधित कॉल्स 1600XXXXXX से शुरू होने वाले विशेष नंबरों से की जाएंगी। इन नंबरों से आने वाली कॉल्स को बिना किसी चिंता के उठाना ग्राहकों के लिए सुरक्षित रहेगा।
इसके अलावा, एसबीआई कार्ड से मिलने वाले नए ऑफर्स और डिस्काउंट से संबंधित कॉल्स 140XXXXXXX से शुरू होने वाले नंबरों से आएंगे। इससे ग्राहकों को फर्जी कॉल्स से छुटकारा मिलेगा।
उपभोक्ता अपनी पसंद के अनुसार प्रमोशनल कॉल्स को ब्लॉक करने या श्रेणी तय करने के लिए अपने टेलीकॉम सेवा प्रदाता के मोबाइल ऐप या वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। ट्राई का राष्ट्रीय डीएनडी (DND) ऐप या 1909 पर कॉल और एसएमएस भेजकर भी अनचाही कॉल्स को बंद किया जा सकता है।
संदिग्ध कॉल्स और ईमेल की रिपोर्ट करने के लिए भारत सरकार का संचार साथी पोर्टल sancharsaathi.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। डिजिटल ठगी का शिकार होने पर, राष्ट्रीय साइबर क्राइम के आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है।
यदि आपके खाते में रिफंड या किसी वित्तीय हेरफेर की समस्या है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
