ओहियो में हिंदू मंदिर पर हमला: उपद्रवियों ने तोड़े खिड़कियों के शीशे
ओहियो में हिंदू मंदिर पर उपद्रव
वाशिंगटन: अमेरिका के ओहियो राज्य में एक हिंदू मंदिर पर हमले की घटना सामने आई है। ग्रेटर क्लीवलैंड के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम पर कुछ उपद्रवियों ने ईंटें फेंकीं। इस घटना के समय मंदिर में पुजारी और कई श्रद्धालु उपस्थित थे। हमले के कारण मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए, लेकिन किसी के घायल होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
‘कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (CoHNA) के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर को हुई। संगठन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस तथा स्थानीय पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
CoHNA ने बताया कि यह घटना उस समय हुई है जब अमेरिका में हिंदू समुदाय हिंदू हेरिटेज मंथ का जश्न मना रहा है और नवरात्रि का पर्व भी नजदीक है। संगठन ने मंदिरों और हिंदू समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत और हिंसा की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है।
संगठन ने पिछले कुछ वर्षों में हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों का भी उल्लेख किया। दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क में एसएमवीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क के मेलविले और कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में बीएपीएस मंदिरों में तोड़फोड़ की गई थी। इसके बाद मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में बीएपीएस मंदिर को भी नफरत भरे संदेशों से बदरंग किया गया था।
इन घटनाओं के चलते अमेरिका में रहने वाले भारतीय और हिंदू समुदाय के लोगों में मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। CoHNA ने स्थानीय प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को मजबूत करने और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
