कन्नौज में स्कूल बस हादसे में चार बच्चों की मौत, 24 घायल
भीषण सड़क हादसा
कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चार स्कूली बच्चों की जान चली गई, जबकि 24 अन्य घायल हुए हैं। यह हादसा तब हुआ जब कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस, जो आगरा से लौट रही थी, को पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूल के प्रधानाचार्य और एक छात्र को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के बच्चे और स्टाफ आगरा की यात्रा पर गए थे। यात्रा समाप्त होने के बाद, सभी बस से कौशांबी लौट रहे थे। मंगलवार सुबह लगभग छह बजे, कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर कट पर बच्चों के लघुशंका के लिए बस को रोका गया था। इसी दौरान, पीछे से आए ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए, जिससे चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस आगरा से कौशांबी के सिराथू की ओर जा रही थी। एक्सप्रेसवे पर पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मारी। इस हादसे में चार बच्चों की जान गई है, जबकि 24 बच्चे और स्टाफ के सदस्य घायल हुए हैं। गंभीर स्थिति में होने के कारण प्रधानाचार्य और एक छात्र को रेफर किया गया है। अन्य घायलों को उपचार के बाद वाहनों से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
