कांग्रेस का मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण बारिश के बावजूद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
यूपी कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पक्षपाती व्यवहार, 'वोट चोरी' की साजिश और मतदाता सूची (SIR) में धांधली के खिलाफ कांग्रेस आज पूरे देश में विरोध कर रही है।
कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र की हत्या करने वालों और निष्पक्ष चुनाव को कमजोर करने वालों का जवाबदेही तय की जाएगी। जब तक जनता के वोटों की चोरी करने वाले इस्तीफा नहीं देते और उन पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़ी कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। दरअसल, एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर कुछ मतभेदों से संबंधित एक रिपोर्ट सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार एसआईआर से जुड़े निर्णयों और आदेशों पर आपत्ति जताई थी। इन आपत्तियों में वैधानिक मतदाता पंजीकरण फॉर्म 6 में बदलाव, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, और मतदाता सूची के डेटाबेस पर केंद्रीकृत नियंत्रण से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
