कानपुर में 22 लाख फर्जी जीमेल आईडी का खुलासा, बम धमकी में इस्तेमाल
कानपुर में फर्जी जीमेल आईडी का मामला
कानपुर : उत्तर प्रदेश के स्कूलों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियों में शामिल फर्जी जीमेल आईडी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कानपुर से गिरफ्तार किए गए अंकित शंखवार ने लगभग 22 लाख जीमेल आईडी पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे खरीदारों को बेची थीं। इससे पहले एटीएस ने आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख आईडी बरामद की थीं। इस खुलासे के बाद एटीएस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली शो में बम विस्फोट की धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। इसके बाद एटीएस ने 28 अक्टूबर को कानपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया। आरोप है कि जिन जीमेल आईडी का उपयोग धमकी देने के लिए किया गया, उन्हें अंकित ने बनाया था। अब एटीएस की पूछताछ में अंकित ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।
एटीएस ने इन 22 लाख जीमेल आईडी को ब्लॉक कराने के लिए गूगल से अनुरोध किया है, ताकि उनका दुरुपयोग न हो सके। एजेंसी को संदेह है कि अंकित के माध्यम से विदेशी खरीदारों को पहुंचाई गई इन ई-मेल आईडी में से कुछ का उपयोग अयोध्या, काशी और मथुरा को बम धमकी भेजने में किया गया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख आईडी मिली थीं, लेकिन बाद में उसके डिवाइस की जांच के दौरान 17 लाख और जी-मेल आईडी भी प्राप्त हुईं।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अंकित पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की, मिस्र और अन्य देशों के लोगों और समूहों के संपर्क में था। एजेंसी अब तक मिली धमकियों और इन ई-मेल आईडी के डेटा का मिलान कर रही है। इसके साथ ही ई-मेल आईडी के बदले अंकित को मिले भुगतान की भी जांच की जा रही है।
