काशी में देव दीपावली: परंपरा और तकनीक का अद्भुत संगम
काशी की देव दीपावली का भव्य आयोजन
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देव दीपावली के अवसर पर काशी ने अपनी प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा मेल प्रस्तुत किया। गंगा के घाटों पर दीपों की एक निरंतर श्रृंखला ने काशी को रोशनी का आभूषण बना दिया। इसके साथ ही आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। पहली बार आयोजित ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवियाँ भी प्रदर्शित की गईं।
गंगा तट पर लाखों दीपों ने सनातन परंपरा और आस्था का संदेश दिया, जबकि आधुनिक तकनीक ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को एक नए रूप में प्रस्तुत किया। दीपों की रोशनी, संगीत और तकनीक का यह संगम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए देव दीपावली को अविस्मरणीय बना गया।
बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज सर्वत्र देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है। pic.twitter.com/ebKu4wZ1Tp
— नरेंद्र मोदी (@narendramodi) November 24, 2026
2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से काशी की विरासत का प्रदर्शन
देव दीपावली पर गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में पहली बार 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन का भव्य प्रदर्शन हुआ। लगभग 10 मिनट तक चले इस शो में थ्री-डी एनिमेशन तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन ने आसमान में 15 विभिन्न आकृतियाँ बनाई। रोशनी के बिंदुओं को जोड़कर विभिन्न आकृतियाँ और संरचनाएँ तैयार की गईं। हिंदी में वॉयस ओवर के माध्यम से दर्शकों को इन दृश्यों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बताया गया। आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य प्रदर्शित हुए। इसके साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की आकृतियाँ भी उभरीं। संगीत और रोशनी का यह तालमेल काशी की आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत कर गया।
25 मिनट का 'काशी-कथा' शो
चेत सिंह घाट पर लगभग 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया। 'काशी-कथा' नामक इस प्रस्तुति में ऑडियो-वीडियो माध्यम से काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। गंगा तट पर स्थित ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए इन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु और पर्यटक अभिभूत हुए।
शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ शुरू हुई प्रस्तुति में एनामॉर्फिक एलईडी दृश्य, संगीत और कथावाचन का समावेश रहा। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया। भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों के साथ गंगा की स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। शो के अंतिम चरण में करीब आठ मिनट के लेजर प्रदर्शन ने ऐतिहासिक इमारतों और गंगा तट को रोशनी के अद्भुत संसार में बदल दिया।
शिव भजनों पर ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन
ललिता घाट के सामने गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसमें भारत में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का उपयोग किया गया। लगभग 10 मिनट तक चले इस शो में रंग बदलती आकृतियों और आकर्षक पैटर्न ने दर्शकों का ध्यान खींचा। 'हर-हर महादेव शंभू', 'डमरू बजाया भोलेनाथ ने', 'शिव तांडव स्तोत्रम्', 'मेरा भोला है भंडारी' और 'महाकाल' जैसे भजनों की धुन पर नौ से दस संगीत ट्रैकों के साथ आतिशबाजी की गई। आसमान में उभरती रंग-बिरंगी आकृतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
काशी के मंदिरों और घाटों की रोशनी
योगी सरकार की पहल पर ड्रोन, लेजर, संगीत और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट को भी विशेष रूप दिया गया। मंदिरों और घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई, जबकि सड़कों के विद्युत खंभों पर तिरंगे रंगों की आकर्षक स्पाइरल झालरें लगाई गईं। इस तरह देव दीपावली पर काशी ने अपनी आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुतियों के साथ दुनिया के सामने रखा।
