काशी में पीएम मोदी का जेन-जी संवाद कार्यक्रम, 30 हजार युवा होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी का संवाद कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को काशी में हजारों युवाओं के साथ जेन-जी संवाद कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष की आयु के लगभग 30,000 युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला और महानगर इकाइयां तथा क्षेत्रीय संगठन इस आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को भव्य एयर शो भी आयोजित किया जाएगा।
नमो घाट पर होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। एयर शो की तैयारियों के तहत नमो घाट पर एक अस्थायी अस्पताल भी स्थापित किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर डोमरी में वॉच टावर का निर्माण किया जा रहा है।
एसपीजी और एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां इस आयोजन की तैयारियों में जुटी हैं। प्रस्तावित एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट लगभग 90 मिनट तक हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के दोनों तटों से इस भव्य आयोजन को देखने के लिए लगभग 30 लाख दर्शकों के आने की संभावना है। इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस आयुक्त ने सभी प्रमुख घाटों और दर्शक स्थलों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया, क्यू प्रबंधन और पैदल आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग बनाने के निर्देश दिए हैं।
