किश्तवाड़ में शहीदों का अपमान: कांग्रेस और भाजपा ने उठाया मुद्दा
किश्तवाड़ में शहीदों का अपमान
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकवादियों द्वारा मारे गए शहीदों के प्रति अपमान का मामला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ने उठाया है। दोनों दलों ने आरोप लगाया है कि किश्तवाड़ में शहीद हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) के शवों को डंपर में लाया गया। भाजपा विधायक शगुन परिहार ने कहा कि पुलिसकर्मियों के शव ताबूत के बिना डंपर में रखकर उनके गांव लाए गए, जो कि शहीदों का अपमान है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक शगुन परिहार पुलिस अधिकारियों को शवों को लाने के तरीके पर फटकार लगाते हुए नजर आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में किया गया। दोनों बुधवार से लापता थे और गुरुवार सुबह उनके शव देहरना जंगल में मिले थे। उनके शरीर पर गोलियों के कई निशान थे और उनकी सर्विस राइफल भी गायब थी।
कांग्रेस ने भी आरोप लगाया कि शहीद हुए दोनों एसपीओ के पार्थिव शरीर बिना ताबूत के डंपर में घर पहुंचाए गए। इसके अलावा, ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़े का इंतजाम करना पड़ा। कांग्रेस ने यह भी कहा कि मोदी सरकार शहीदों का अपमान कर रही है। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर की दोपहर मरवाह के देहरना जंगल में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद सेना के साथ दोनों एसपीओ जंगल की ओर गए थे। गुरुवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों के शव गोलियों से छलनी मिले। उनके पास 60 राउंड वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक 303 राइफल थी, लेकिन दोनों के हथियार गायब थे।
