कीव पर रूसी मिसाइल हमले में नौ की मौत, 28 घायल
रूसी हमले से कीव में तबाही
यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार की सुबह रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के एक और हमले में कम से कम नौ लोगों की जान चली गई और चार बच्चों सहित 28 अन्य घायल हुए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, यह हमले पिछले 48 घंटों में कीव पर दूसरा बड़ा हमला था।
यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि इन हमलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय इमारतों, गोदामों और वाणिज्यिक स्थलों को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। कई इमारतें ढह गईं, जिससे लोग मलबे में फंस गए और कई स्थानों पर आग लग गई।
आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने कहा कि उन्होंने क्षतिग्रस्त इमारतों से 105 लोगों को सुरक्षित निकाला है और बचाव कार्य अभी भी जारी है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि घायलों में से 17 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, सबसे गंभीर हमला दारनित्सकी जिले में हुआ, जहां सात लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित 14 अन्य घायल हुए।
‘द कीव इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, निवासियों ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले के दौरान उन्हें हवाई हमले की चेतावनी मिलने के बाद आश्रय स्थलों तक पहुंचने का बहुत कम समय मिला।
यूक्रेनी वायु सेना ने स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हमले की चेतावनी दी थी, जिसके बाद शहर में कई शक्तिशाली विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं। प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
मेयर क्लिट्स्को ने कहा कि सोलोमियान्स्की और शेवचेनकीवस्की जिलों में आवासीय इमारतें आंशिक रूप से नष्ट हो गईं, जिससे लोग मलबे में फंस गए। होलोसीव्स्की और दारनित्सकी जिलों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं।
इस हफ्ते की शुरुआत में भी रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी और 50 से अधिक घायल हुए थे। उस हमले के दौरान एक संदिग्ध रूसी मिसाइल नाटो सदस्य देश पोलैंड के पूर्वी हिस्से में भी गिरी थी।
रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के बढ़ते हमलों के बीच, यूक्रेन अपने पश्चिमी सहयोगियों, विशेषकर अमेरिका से अतिरिक्त ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणालियों की मांग कर रहा है।
हाल के महीनों में रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल हमलों को तेज कर दिया है, जिससे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली पर दबाव बढ़ गया है और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
