केजरीवाल का E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ मार्च, पुलिस ने रोका
E20 पेट्रोल नीति के विरोध में मार्च
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उन्हें और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को फिरोजशाह रोड पर ही रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित अन्य नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। मार्च से पहले केजरीवाल ने बताया कि E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ देशभर से दो लाख से अधिक लोगों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजे हैं। उन्होंने कहा कि वह इन पत्रों को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपना चाहते हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने के लिए संदेश भेजा है और उन्हें बातचीत की उम्मीद है।
केंद्र सरकार पर आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका से एथेनॉल मंगाकर E20 पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है, जिससे आम जनता के वाहनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी भी बाहरी दबाव में निर्णय नहीं लेना चाहिए और इस नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय से ज्ञापन की मांग
प्रधानमंत्री कार्यालय का कोई अधिकारी ज्ञापन स्वीकार करे: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी जनता की ओर से मिली दो लाख से अधिक हस्ताक्षरित याचिकाएं प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने मांग की कि यदि प्रदर्शनकारियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती तो प्रधानमंत्री कार्यालय का कोई अधिकारी मौके पर आकर ज्ञापन स्वीकार करे और इस मुद्दे पर बातचीत शुरू करे। सौरभ भारद्वाज ने प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पुलिस, RAF, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम यह दिखाते हैं कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने आए लोगों के साथ अनावश्यक सख्ती की जा रही है।
E20 और शुद्ध पेट्रोल दोनों विकल्पों की मांग
शुद्ध और E20 पेट्रोल दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं: केजरीवाल
केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर E20 पेट्रोल नीति पर चर्चा के लिए समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि इसी कारण वे जनता की मांग सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंचाने आए हैं। AAP ने मांग की है कि पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल, दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही E20 पेट्रोल की कीमतों में कमी लाने की भी मांग की गई है।
भाजपा की प्रतिक्रिया
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत @AamAadmiParty के कार्यकर्ताओं ने E20 पेट्रोल के खिलाफ 2.30 लाख से ज्यादा लोगों की साइन की हुई पिटीशन प्रधानमंत्री तक पहुंचाई। उन्होंने सरकार से जनता पर जबरन E20 पेट्रोल थोपना बंद करने की मांग की।@ArvindKejriwal Arvind Kejriwal | E20 pic.twitter.com/aKO0yPndAS
— News Muni (@newswalemuni) August 4, 2026
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इस मार्च को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस और केजरीवाल के बीच देश का नंबर 1 अराजकतावादी बनने की होड़ का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस ने पीएम आवास पर प्रदर्शन किया है, केजरीवाल खुद को पीछे महसूस कर रहे हैं। बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकालना केवल राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश है। मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद खुद को पीड़ित दिखाना आम आदमी पार्टी की पुरानी रणनीति रही है।
