कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी: फ्लाईदुबई उड़ान पर कॉकपिट हमले की कहानी
फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट पर हमला
डिजिटल, रिपोर्ट। दुबई से तेल अवीव की फ्लाईदुबई उड़ान में हुए खतरनाक कॉकपिट हमले के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा चारों ओर हो रही है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से फोन पर बात कर उनकी हिम्मत की सराहना की। इस बातचीत में नेतन्याहू ने उन्हें भारत, इजराइल और पूरी दुनिया का नायक बताया।
नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को इजराइल आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा, 'मैं आपको और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले इजराइली स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित करता हूं।' यह समारोह मई 2027 में आयोजित होगा। हालांकि, इजराइल में मशाल जलाने वालों का चयन एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है।
विमान में तकनीकी समस्या का संदेह
बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने स्मित से पूछा कि उड़ान में क्या हुआ था। कैप्टन ने बताया कि उड़ान सामान्य थी, लेकिन कुछ समय बाद ओमानी को-पायलट ने नमाज पढ़ने की बात कही। कैप्टन ने इसे सामान्य समझा और को-पायलट कॉकपिट में पीछे जाकर नमाज पढ़ने लगा।
कुछ मिनट बाद अचानक सिर के पीछे जोरदार चोट महसूस हुई। इसके बाद लगातार हमले शुरू हुए। शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई है, लेकिन जल्द ही उन्हें समझ में आया कि हमला उनके को-पायलट ने किया है।
कैप्टन ने बताया कि उस समय उनकी दृष्टि धुंधली हो गई थी और विमान तेजी से नीचे जा रहा था। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन पहली बार में वह बंद कर दिया गया। बाद में वह दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिससे अन्य क्रू सदस्यों और यात्रियों को अंदर आने का मौका मिला और हमलावर को काबू किया जा सका।
यात्रियों ने संभाला मोर्चा
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया। घटना के समय विमान लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर तेजी से नीचे आ रहा था। इसके बाद यात्रियों और क्रू की मदद से कॉकपिट पर दोबारा नियंत्रण प्राप्त किया गया। विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।
कैप्टन स्मित घायल हुए हैं और वर्तमान में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। इस घटना की जांच कई स्तरों पर की जा रही है। संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने इसे आतंकवादी कृत्य के प्रयास के रूप में जांचने की जानकारी दी है, जबकि हमले के पीछे की पूरी वजह की जांच अभी जारी है।
