कॉकरोच जनता पार्टी का धरना जारी, अभिजीत दीपके ने उठाए गंभीर सवाल
धरने का पांचवां दिन
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का धरना बुधवार को भी जारी रहा, जो अब पांचवें दिन में प्रवेश कर चुका है। इस दौरान, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने एक समीक्षा बैठक में गोपनीयता का हवाला देते हुए उनके सोशल मीडिया अकाउंट को प्रतिबंधित करने के आदेश को दिखाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की समिति के सामने पेश होने के बाद भी अधिकारियों ने इस कार्रवाई का कारण नहीं बताया।
दीपके ने सवाल उठाया कि नीट पेपर लीक मामले में गोपनीयता क्यों नहीं बरती गई। उन्होंने कहा, ‘‘सब कुछ गोपनीय है; आपको नीट पेपर को भी गोपनीय रखना चाहिए था। वह लीक क्यों हुआ? अगर ऐसा न होता तो ये आत्महत्याएं नहीं होतीं।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया अकाउंट को प्रतिबंधित करने का उद्देश्य उनकी आवाज को दबाना है।
दीपके ने यह भी कहा कि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान में लोग उनके सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो कर रहे थे। यह बयान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा उन पर ‘‘आतंकवादियों की बी-टीम’’ होने का आरोप लगाने के एक दिन बाद आया। उन्होंने कहा, ‘‘क्या हम वोट मांग रहे हैं? हम तो न्याय मांग रहे हैं। हम कर देने वाले हैं, और आप हमें आतंकवादी कहते हैं। क्या आपको शर्म नहीं आती?’’
दीपके ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘आपने किसानों और चिकित्सकों को आतंकवादी कहा। अब कौन बचा है?’’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह पेपर लीक रोकने में असमर्थ हैं। उन्होंने छात्रों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की मांग की और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के लिए प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ धरना जारी रखा।
