कोच्चि में तेज रफ्तार कार से तीन लोगों की मौत, आरोपी गिरफ्तार
कोच्चि में भयानक सड़क हादसा
कोच्चि: केरल के कोच्चि में शनिवार की रात एक तेज रफ्तार कार ने तीन निर्दोष लोगों की जान ले ली। नेदुंबस्सेरी एयरपोर्ट के निकट लगभग 220 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही एक लग्जरी मिनी कूपर ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मारी। इस दुर्घटना में स्कूटर पर सवार दो युवतियों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने 19 वर्षीय चालक सुहैल और उसके साथी को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
चाय पीने निकले थे दोस्त, अचानक आई कार
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात लगभग 1:45 बजे हुआ। मृतकों की पहचान पलक्कड़ की गोपिका, वायनाड की देविका और कर्नाटक के इजाज के रूप में हुई है। ये तीनों थ्रीक्काकारा स्थित एक हैंडीक्राफ्ट शॉप में काम करते थे और चाय पीने के लिए एयरपोर्ट के पास गए थे। चाय पीने के बाद जब वे स्कूटर से अथानी लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार मिनी कूपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नशे में होने की आशंका, वीडियो वायरल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुहैल, जो अलपुझा दक्षिण के सजीव जमाल का बेटा है, नशे में था। एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार की गति 220 किलोमीटर प्रति घंटे दिखाई दे रही है। एर्नाकुलम ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक के. एस. सुदर्शन ने बताया कि सुहैल के नशे में होने की संभावना है, जिसके लिए ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा, कार में किसी भी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की मौजूदगी की जांच के लिए फॉरेंसिक मुआयना किया जा रहा है।
आरोपी की बेतुकी बातें, लोगों का गुस्सा भड़का
हादसे के बाद जब पुलिस सुहैल और उसके साथी निनव को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई, तो वहां भारी बवाल हुआ। निनव ने अस्पताल में कहा कि सड़कें गाड़ी चलाने के लिए बनी हैं और उसके पिता इस मामले को संभाल लेंगे। इस बयान ने वहां मौजूद लोगों का गुस्सा भड़का दिया। भीड़ ने दोनों आरोपियों को घेरने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
