गाजियाबाद में तीज महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन
तीज महोत्सव का रंगारंग आयोजन
सुशील कुमार शर्मा
गाजियाबाद: सावन के पवित्र महीने और हरियाली तीज के अवसर पर महानगर में उत्सव का माहौल छाया हुआ है। इसी क्रम में, पिछले रविवार को ए पी एस एन गोल्डन डांस अकादमी ने नवयुग मार्केट स्थित अनंत बैंक्विट हॉल में भव्य 'तीज महोत्सव-2026' का आयोजन किया। इस महोत्सव में भारतीय संस्कृति, नृत्य और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न श्रेणियों की डांस, तीज क्वीन, रैंप वॉक जैसी प्रतियोगिताएं थीं, जिसमें गाजियाबाद और आस-पास के क्षेत्रों से आईं दर्जनों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने अपनी बेहतरीन नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम की प्रतिष्ठित 'सब सीनियर वर्ग' की सोलो डांस प्रतियोगिता में समृद्धि शर्मा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के समापन पर संस्था की वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समृद्धि शर्मा को स्मृति चिन्ह (शील्ड) देकर सम्मानित किया। द्वितीय पुरस्कार कविता और तृतीय स्थान स्वाति को मिला। सीनियर वर्ग में वंदना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नीलम और अनु क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता की निर्णायक चंद्रिका रानी थीं। इसके अलावा, तीज क्वीन और तीज प्रिंसेस प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें तरजोत और कविता ने ताज जीते। इस प्रतियोगिता के निर्णायक अमित गर्ग थे। कई अन्य प्रतियोगिताओं में छाया शर्मा को भी पुरस्कृत किया गया।
इस भव्य कार्यक्रम का संचालन पूजा यादव ने कुशलता से किया। कार्यक्रम के अंत में, संस्था की पदाधिकारियों ने मुख्य आयोजक पूजा यादव के प्रबंधन की सराहना की और महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागी महिलाओं और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
