गाजियाबाद में स्कूल बस में आग लगने से मची अफरा-तफरी
गाजियाबाद में आगजनी की घटना
गाजियाबाद: मेरठ रोड पर नंदग्राम तिराहे पर एक निजी स्कूल की बस में अचानक आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी और आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय निवासियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। इस घटना के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को सुबह 9:26 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि नंदग्राम तिराहे पर एक स्कूल बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि आग तेजी से बस में फैल चुकी थी और काला धुआं दूर से दिखाई दे रहा था।
दिनांक 11/07/2026 को कमिश्नरेट गाजियाबाद पर
नन्दग्राम तिराहा मेरठ रोड पर दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस में लगी आग पर फायर सर्विस यूनिट के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, आग को पूर्ण रूप से शांत किया गया, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। pic.twitter.com/59fe7uFmW8— Ghaziabad Fire & Emergency Services (@ghaziabadfire) July 11, 2026
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचते ही पाया कि बस में कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं था। यह भी ध्यान देने योग्य है कि आज शनिवार होने के कारण स्कूलों की छुट्टी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल विभाग ने हौज़ लाइन और होज़ रील का उपयोग करके आग पर काबू पाया। बस में सीएनजी किट लगी हुई थी, जिससे आग के फैलने का खतरा था, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि यह बस एक निजी स्कूल से संबंधित थी। आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई गई है। मामले की जांच जारी है।
