गोरखपुर में पिता ने बच्चों को जहरीला दही खिलाकर किया हत्या का प्रयास
गोरखपुर में दिल दहला देने वाली घटना
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरवार गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक पिता पर अपने तीन बच्चों को जहरीला दही खिलाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना में 8 साल की प्राची और 5 साल के अक्षत की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी 11 साल की बहन प्रज्ञा ने दही खाने से मना कर अपनी जान बचा ली। घटना के समय बच्चों की मां काम पर गई हुई थीं।
पिता की खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार, सत्यम कुमार की शादी 12 साल पहले गोरखपुर की संजू देवी से हुई थी। संजू देवी एक सुपर बाजार में काम करती हैं। गुरुवार शाम को जब वह ड्यूटी पर गई थीं, तब सत्यम कुमार ने घर पहुंचकर दही में जहरीला पदार्थ मिलाया।
बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर हड़कंप
सत्यम ने जहरीली दही तीनों बच्चों को दी। प्रज्ञा ने दही खाने से मना कर दिया, लेकिन प्राची और अक्षत ने पिता की बात मान ली। कुछ ही मिनटों में दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
प्रज्ञा ने दिखाई समझदारी
11 साल की प्रज्ञा ने तुरंत अपने दादा और बुआ को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन दुर्भाग्यवश प्राची और अक्षत की मौत हो गई।
आर्थिक तंगी का खौफनाक परिणाम
मृतक बच्चों की दादी ने बताया कि सत्यम कुमार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और ऑटो की किस्त न चुका पाने के कारण मानसिक तनाव में था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी आर्थिक समस्याओं को इस घटना का मुख्य कारण माना गया है।
पुलिस कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही गीड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई की और बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बच्चों के दादा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
