चांदनी चौक में विपक्षी रैली के खिलाफ प्रदर्शन, व्यापारियों की आजीविका पर चिंता
विपक्षी दलों की रैली के खिलाफ चांदनी चौक में प्रदर्शन
नई दिल्ली- कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित रैली के विरोध में रविवार को चांदनी चौक में एक बड़ा प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन का नेतृत्व ग्लोबल वैश्य फेडरेशन के चेयरमैन और यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जय भगवान गोयल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने ऐतिहासिक टाउन हॉल के बाहर धरना दिया और काले झंडे लेकर विरोध मार्च निकाला। जब प्रदर्शनकारी टाउन हॉल से रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें लालकिले के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया।
जय भगवान गोयल ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि 1 नवंबर, 1984 का दिन सिख समुदाय के लिए एक काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि सिख विरोधी दंगों में अपने प्रियजनों को खोने वाले हजारों परिवारों के जख्म आज भी ताजा हैं। ऐसे संवेदनशील दिन पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा राजनीतिक रैली का आयोजन करना दंगा पीड़ित परिवारों की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह सिखों का अपमान करना बंद करे।
गोयल ने यह भी कहा कि लगातार हो रही राजनीतिक रैलियों और प्रदर्शनों के कारण दिल्ली के व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान ऐसे आयोजनों से व्यापार प्रभावित होता है और दिहाड़ी मजदूरों की आजीविका पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने कहा, “हमारी दीपावली को काली मत करो। हमारे व्यापार और बच्चों की रोजी-रोटी पर चोट मत पहुंचाओ। राजनीतिक स्वार्थ के लिए व्यापारियों की आजीविका से खिलवाड़ बंद होना चाहिए।”
प्रदर्शन के दौरान ‘रामलीला मैदान खाली करो’, ‘1984 के दंगा पीड़ित सिख परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कना बंद करो’, ‘व्यापारियों की रोजी-रोटी पर प्रहार बंद करो’ और ‘वोट चोरी के नाम पर देश की जनता को गुमराह करना बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अपमान का भी विरोध किया।
गोयल ने कहा कि यूनाइटेड हिंदू फ्रंट और ग्लोबल वैश्य फेडरेशन राष्ट्रहित, सनातन संस्कृति, व्यापारी समाज के सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन में महंत श्याम गिरि जी महाराज, चैतन्यदेव जी महाराज, महंत अरनाथ जी महाराज, धर्मेंद्र बेदी, रिंकू मित्तल, ईश्वर चौधरी, अवध कुमार, सुबोध बिहारी, कपूर सिंह, सतनाम सिंह, दीदार सिंह, विनोद गुप्ता, भरत लाल शर्मा, अभिषेक मिश्रा, सुनील गुप्ता, जय भगवान गर्ग, रजनी गुप्ता, ऋषि वर्मा सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
