चार राज्यों में विधान परिषद के लिए चुनाव की घोषणा
निर्वाचन आयोग की नई घोषणा
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जानकारी दी कि 23 अक्टूबर को चार राज्यों में विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 28 सीटों पर चुनाव होंगे। इन सीटों का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर में समाप्त हो रहा है, जो बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश विधान परिषद से संबंधित हैं।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विशेष प्रकार के चुनावी क्षेत्र होते हैं, जहां केवल योग्य स्नातक और शिक्षक ही विधान परिषद के सदस्यों (एमएलसी) का चुनाव कर सकते हैं।
संविधान के अनुच्छेद 171 के तहत विधान परिषदों और उनकी संरचना से संबंधित प्रावधान किए गए हैं, जिसमें ऐसे मतदाताओं के लिए कुछ निर्वाचन क्षेत्रों का प्रावधान है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार में विधान परिषद की आठ सीटें रिक्त होने वाली हैं, जिनमें चार-चार सीटें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की हैं। कर्नाटक में चार सीटें रिक्त होंगी, जिनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की हैं।
महाराष्ट्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की दो सीटें रिक्त होंगी। उत्तर प्रदेश में 11 सीटें रिक्त होंगी, जिनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं।
