चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर जहाज में आग, 20 लोगों की मौत
किंगदाओ में जहाज में आग लगने की घटना
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज में आग लगने की एक दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई है और पांच लोग अभी भी लापता हैं। यह जहाज बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी के स्वामित्व में था और मरम्मत के लिए खड़ा था। आग गुरुवार को सुबह लगभग 11 बजे लगी और स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे तक बुझा दी गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म वेसलफाइंडर के अनुसार, शिन्हुआ समाचार एजेंसी द्वारा जारी की गई एक तस्वीर में जहाज की पहचान ओशन मेलोडी के रूप में की गई है, जो लाइबेरिया का झंडा लिए हुए था। रिपोर्ट के अनुसार, जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे, जिनमें से 12 को सुरक्षित निकाल लिया गया। पांच लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एक गवाह ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया, “मैंने अचानक जहाज से धुआं निकलते देखा, लेकिन आग कहीं नहीं दिखी। मैंने कोई धमाका नहीं सुना और न ही कोई गंध महसूस की।” इस जहाज की लंबाई 623 फुट है।
यह जहाज 31 अगस्त को किंगदाओ शिपयार्ड पहुंचा था और तब से वहीं खड़ा था। इस शिपयार्ड का संचालन सरकारी कंपनी चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन (CSSC) द्वारा किया जा रहा है। शिन्हुआ ने बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की खोज के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू करने का आदेश दिया है।
