जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत
जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। यह हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रेलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार ट्रेलर के पीछे फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल को काफी मेहनत करनी पड़ी। गैस कटर का उपयोग करके कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में की है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के अनुसार, ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होकर सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के लगभग 3 बजे तेज रफ्तार कार ने ट्रेलर में टक्कर मारी। इस भीषण टक्कर में कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण सड़क पर खड़े ट्रेलर का समय पर दिखाई नहीं देना हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। प्रशासन यह भी देख रहा है कि क्या ट्रेलर के पीछे चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा उपाय मौजूद थे।
चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हादसे में शामिल वाहन और सड़क पर खड़े ट्रेलर की स्थिति की भी जांच की जा रही है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमशेदपुर में हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह और अन्य मृतकों के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि संतान को खोना किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की।
