जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र प्रदर्शन में उग्रता, पुलिस से झड़प
दिल्ली में जामिया मिल्लिया इस्लामिया का प्रदर्शन
दिल्ली समाचार: जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की बहाली, अनुशासनात्मक कार्रवाई को रद्द करने और चीफ सिक्योरिटी एडवाइजर के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन अब बेकाबू हो गया है। भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने कुलपति को एक अल्टीमेटम पत्र सौंपा, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान छात्राओं और महिला पुलिस के बीच झड़प भी हुई।
मुख्य द्वार को बंद किया गया
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री बलों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वारों को पूरी तरह से बंद कर दिया है, जिससे छात्रों को कैंपस में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।
छात्राओं और पुलिस के बीच झड़प
कैंपस के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में छात्र उग्र नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद स्थिति और भी गरमा गई, जिसके चलते कई छात्र ऊंचे लोहे के गेटों पर चढ़कर कैंपस में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान छात्राओं और महिला पुलिस के बीच भी झड़प हुई। छात्राओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है। इसके बाद विश्वविद्यालय के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
